Akshay Navami 2026 Date And Puja Vidhi: साल 2026 में अक्षय नवमी कब मनाई जाएगी? आइए यहां इसकी सही तिथि, शुभ मुहूर्त, आंवला पेड़ की पूजा की विधि और इसके धार्मिक महत्व को जानते हैं।
हिंदू धर्म में कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को 'अक्षय नवमी' या 'आंवला नवमी' के रूप में मनाया जाता है। इस दिन को बहुत ही पवित्र और पुण्यदायी माना गया है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन किया गया दान, पूजा, और जप का पुण्य कभी समाप्त नहीं होता है। इस खास दिन पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए आंवले के पेड़ की पूजा करने का विशेष विधान है। हर साल लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि अक्षय नवमी का पर्व किस दिन मनाया जाएगा और इसकी सही पूजा विधि क्या है? आइए जानते हैं अक्षय नवमी (Akshay Navami 2026) की सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजा के जरूरी नियम।
अक्षय नवमी 2026 डेट और समय (Akshay Navami 2026 Date And Time)
हिंदू पंचांग के अनुसार, नवमी तिथि की शुरुआत 18 नवंबर 2026, सुबह 06 बजकर 04 मिनट पर होगी। वहीं, इस तिथि का समापन 19 नवंबर 2026, सुबह 07 बजकर 05 मिनट पर होगी। ऐसे में पंचांग को देखते हुए अक्षय नवमी 18 नवंबर 2026, दिन बुधवार को मनाई जाएगी।
पूजा मुहूर्त: सुबह 06:46 बजे से दोपहर 12:06 बजे तक।
अक्षय नवमी की सरल पूजा विधि (Akshay Navami 2026 Puja Rituals)
सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ-सुथरे वस्त्र धारण करें।
इसके बाद किसी नजदीकी स्थान पर लगे आंवले के पेड़ के पास जाएं।
अगर पेड़ घर के पास न हो, तो आंवले का एक छोटा पौधा घर में गमले में रखकर भी पूजा कर सकते हैं।
आंवले के पेड़ के चारों ओर साफ-सफाई करके जल अर्पित करें।
इसके बाद पेड़ के तने पर कच्चा सूत या कलावा 7 या 108 बार परिक्रमा करते हुए लपेटें।
पेड़ की जड़ में रोली, अक्षत, गंध, पुष्प और पीले वस्त्र अर्पित करें।
धूप और शुद्ध घी का दीपक जलाकर भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी का ध्यान करें।
पूजा के दौरान आंवले के पेड़ की विधि-विधान से परिक्रमा करें और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें।
आंवला नवमी पर क्यों की जाती है पेड़ की पूजा?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास माना गया है। ऐसी मान्यता है कि सत्ययुग की शुरुआत इसी तिथि से हुई थी। इसके अलावा, इस दिन आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करने से सेहत अच्छी रहती है और शरीर के सारे रोग दूर होते हैं। साथ ही इस दिन ब्राह्मणों को भोजन कराना और गरीबों को दान देना बेहद शुभ फल देता है।
अक्षय नवमी के जरूरी नियम (Akshay Navami 2026 Rules)
इस दिन आंवले के फल का सेवन करना बहुत शुभ माना जाता है, लेकिन ध्यान रखें कि पेड़ को नुकसान न पहुंचाएं।
पूजा के बाद आंवले के पेड़ के नीचे ही प्रसाद ग्रहण करें या किसी जरूरतमंद को भोजन कराएं।
इस दिन मन में किसी के प्रति बुरा भाव न रखें और सात्विक विचारों के साथ भगवान विष्णु की आराधना करें।