April Grah Gochar 2026: अप्रैल का महीना ज्योतिषीय दृष्टि से खास माना जा रहा है क्योंकि इस दौरान कई बड़े ग्रह अपनी चाल में परिवर्तन करने वाले हैं जिसका असर सभी पर सकारात्मक और नकारात्मक तरीके से पड़ेगा।
April Grah Gochar 2026: ज्योतिषशास्त्र में नवग्रहों का जिक्र किया गया है जिसमें सूर्य, चंद्रमा, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र, शनि, राहु और केतु शामिल हैं। राहु और केतु को छाया ग्रह माना गया है लेकिन इनका प्रभाव जातकों पर सटीक तौर से पड़ता है। ये सभी ग्रह विशेष अंतराल में राशि परिवर्तन करते हैं और सभी 12 राशियों पर सकारात्मक और नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, अप्रैल का महीना कई मायनों में खास माना जा रहा है क्योंकि इस दौरान कई ग्रहों के चाल में बदलाव होगा। चाल बदलाव से कई राशियों को लाभ के अवसर मिल सकते हैं तो कई राशियों को चुनौतियों का सामना भी करना पड़ सकता है। ऐसे में हम आपको बताते हैं कि अप्रैल के महीने में कौन-कौन से ग्रह गोचर करेंगे।
अप्रैल में कई ग्रह बदलेंगे चाल
सूर्य गोचर
सूर्य को पिता, आत्मा, मान-सम्मान और प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जाता है। सूर्य हर 28-30 दिनों में राशि परिवर्तन करते हैं, ठीक इसी प्रकार 14 अप्रैल को सूर्य का गोचर मेष राशि में होगा। बता दें कि मेष राशि के स्वामी ग्रह मंगल हैं। सूर्य का मेष राशि में गोचर 14 अप्रैल की सुबह 9 बजकर 38 मिनट पर होगा।
मंगल गोचर
ज्योतिषशास्त्र में मंगल को साहस, ऊर्जा और आत्मविश्वास का कारक माना जाता है। मंगल प्रति 45 दिन में राशि गोचर करते हैं और इसका प्रभाव सभी राशियों पर सकारात्मक और नकारात्मक रूप में देखा जाता है। मंगल का गोचर गुरु की राशि मीन में होगा। मीन राशि में मंगल 2 अप्रैल की दोपहर 3 बजरक 37 मिनट पर होगा।
बुध गोचर
बुध को ज्योतिषशास्त्र में बुद्धिमत्ता, वाणी, संवाद और तर्कक्षमता का कारक कहा जाता है। बुध हर 23 से 30 दिन में राशि परिवर्तन करते हैं और अब मीन राशि में प्रवेश करने वाले हैं जिसके स्वामी ग्रह गुरु हैं। मीन राशि में बुध का आगमन 11 अप्रैल की रात्रि 1 बजकर 20 मिनट पर होगा। अप्रैल के महीने में बुध दो बार चाल बदलने वाले हैं। बता दें कि 30 अप्रैल की सुबह 6 बजकर 55 मिनट पर बुध मेष राशि में प्रवेश करेंगे।
शुक्र गोचर
शुक्र को धन-संपदा और भोग विलास का प्रतीक माना जाता है। शुक्र हर 23 से 28 दिन में राशि परिवर्तन करते हैं जिसका प्रभाव सटीक तौर से जातकों के जीवन पर पड़ता है। इस समय शुक्र मेष राशि में विराजमान हैं और 19 अप्रैल की दोपहर 3 बजकर 51 मिनट पर वृषभ राशि में गोचर करेंगे। बता दें कि वृषभ राशि के स्वामी ग्रह शुक्र ही हैं।