
हिंदू धर्म में कार्तिक महीने की पूर्णिमा तिथि को बेहद पवित्र और पुण्यदायी माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस पावन दिन पर भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण किया था और भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध करके तीनों लोकों को उसके आतंक से मुक्त किया था। इसी कारण इसे 'त्रिपुरी पूर्णिमा' और 'देव दीपावली' के नाम से भी जाना जाता है। शास्त्रों में बताया गया है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों में स्नान करने के साथ-साथ दान-पुण्य करने का कई गुना अधिक फल प्राप्त होता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन किया गया दान सीधे देवताओं और पितरों को प्राप्त होता है, जिससे घर में सुख-शांति, आरोग्य और मां लक्ष्मी का वास बना रहता है। आइए जानते हैं कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन किन वस्तुओं का दान करना सबसे अच्छा माना गया है?
सनातन परंपरा में अन्न दान को सबसे बड़ा महादान कहा गया है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन सुबह स्नान करने के बाद किसी जरूरतमंद व्यक्ति या मंदिर में चावल, गेहूं, दाल, आटा या गुड़ का दान अवश्य करें। ऐसा करने से घर के भंडार हमेशा भरे रहते हैं और कभी भी आर्थिक तंगी का सामना नहीं करना पड़ता है।
कार्तिक महीने के समापन के साथ ही सर्दी का मौसम शुरू हो जाता है। इसलिए इस पावन तिथि पर गरीबों और असहाय लोगों को कंबल, शॉल, स्वेटर या गर्म वस्त्रों का दान करना बेहद शुभ माना जाता है। इस दान से पितरों की आत्मा को शांति मिलती है और कुंडली के ग्रह दोष शांत होते हैं।
कार्तिक पूर्णिमा के दिन दीपदान करना सबसे प्रमुख अनुष्ठान माना गया है। शाम के समय प्रदोष काल में किसी पवित्र नदी के घाट, मंदिर, तुलसी के पौधे के पास और पीपल के पेड़ के नीचे शुद्ध घी या तिल के तेल का दीपक जलाएं। ऐसी मान्यता है कि दीपदान करने से जीवन का अंधकार दूर होता है और हर काम में सफलता मिलती है।
पूर्णिमा तिथि का सीधा संबंध चंद्रमा और माता लक्ष्मी से होता है। इस दिन सफेद रंग की वस्तुओं जैसे दूध, दही, खीर, सफेद तिल या सफेद वस्त्र का दान करने से कुंडली में चंद्रमा मजबूत होता है। इससे मानसिक तनाव दूर होता है और घर-परिवार में प्रेम व शांति बनी रहती है।
कार्तिक पूर्णिमा पर तिल और गुड़ का दान करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा मिलती है। यह दान जीवन में आ रही बाधाओं को दूर करता है और परिवार के सदस्यों को अच्छे सेहत का आशीर्वाद दिलाता है।
Connect with India's best astrologers




