Special Things
Hanuman Ji Sindoor: हनुमान जी को सिंदूर चढ़ाने से उनकी कृपा भक्त पर पड़ती है, साथ ही भगवान श्री राम भी प्रसन्न होते हैं। लेकिन उन्हें सिंदूर क्यों चढ़ाया जाता है? आइए जानते हैं।
Hanuman Ji Sindoor: हनुमान जी को बजरंगबली, वीर हनुमान, अंजनी पुत्र समेत और भी कई नामों से जाना जाता है। इन्हीं में से एक नाम केसरी भी है, केसरी इसलिए क्योंकि उन्हें सिंदूर लगाया जाता है। इसलिए आपने हनुमान जी की सभी प्रतिमाओं में केसरी रंग देखा होगा। लेकिन कभी आपने सोचा है कि आखिर उन्हें सिंदूर लगाने के पीछे के कारण क्या है। इसी के विषय में आज हम चर्चा करने जा रहे हैं।
क्यों चढ़ाया जाता है हनुमान जी को सिंदूर
हनुमान जी राम के परम भक्त हैं और वह सीता माता को मां मानते हैं। पौराणिक कथा के अनुसार, एक दिन सीता माता श्रृंगार कर रही थीं और तब हनुमान जी, सीता माता को अपनी मांग में सिंदूर भरते हुए देखते हैं। फिर वह यह देख कर व्याकुल हो उठते हैं कि आखिर माता यह लाल रंग अपनी मांग में क्यों लगा रहीं हैं। अपना प्रश्न लेकर वह सीता माता के पास जाते हैं और पूछते हैं, माते आप अपनी मांग में यह लाल रंग क्यों लगा रहीं हैं। तब सीता माता ने कहा कि, यह सिंदूर है और सभी सुहागन स्त्रियां अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए अपनी मांग में यह सिंदूर लगाती है और मैं भी अपने पति परमेश्वर की लंबी उम्र की कामना के लिए अपनी मांग में सिंदूर लगाती हूं।
फिर हनुमान जी सोचते हैं कि माता अपनी मांग में बस इतना ही सिंदूर लगाती हैं, जिससे मेरे प्रभु को इतना अधिक लाभ मिलता है। अगर मैं अपने पूरे शरीर में सिंदूर लगाऊं तो मेरे प्रभु अजर-अमर हो जाएंगे।
बस फिर क्या था, हनुमान जी अपने पूरे शरीर में सिंदूर लगाकर राम जी के समक्ष आ जाते हैं, जिसे देख कर सभी लोग हंसने लगते हैं, मगर राम जी हनुमान जी के भाव को देखकर अति प्रसन्न होते हैं। फिर तब से ही हनुमान जी की प्रतिमा में सिंदूर लगाने की परंपरा शुरू हुई। कहा जाता है कि मंगलवार के दिन हनुमान जी को सिंदूर चढ़ाने से बजरंगबली के साथ भगवान श्री राम चन्द्र जी का भी आशीर्वाद प्राप्त होता है।