
सनातन धर्म में जब भी कोई मांगलिक काम करना होता है, तो सबसे पहले शुभ मुहूर्त और पंचांग देखा जाता है। चातुर्मास के समाप्त होने और देवउठनी एकादशी के बाद एक बार फिर से शहनाइयों की गूंज शुरू हो जाएगी। साल 2026 के नवंबर महीने में विवाह के कई बेहतरीन और शुभ मुहूर्त बन रहे हैं, जिन पर लोग सात फेरे लेंगे। अगर आपके घर में भी शादी की तैयारियां चल रही हैं या आप भी शुभ मुहूर्त जानना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं कि नवंबर 2026 (November 2026 Vivah Muhurat) में विवाह के लिए कौन-कौन सी तारीखें सबसे शुभ रहने वाली हैं?
ज्योतिष पंचांग के अनुसार, नवंबर महीने में ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति विवाह के लिए बेहद अनुकूल मानी जा रही है। पंचांग की गणना के अनुसार इस महीने के दूसरे पखवाड़े खासकर देवउठनी एकादशी के बाद से शादियों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। नवंबर के अंत में कई तारीखें जैसे 21, 24, 25 और 26 नवंबर को विवाह के लिए अत्यंत शुभ लग्न बन रहे हैं।
पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर 2026 को सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगी। वहीं, इस तिथि का समापन 21 नवंबर 2026 को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर होगा। ऐसे में उदयातिथि को देखते हुए गृहस्थ लोग 20 नवंबर को और वैष्णव संप्रदाय के लोग 21 नवंबर को एकादशी का व्रत करेंगे।
हिंदू मान्यताओं के अनुसार, शुभ मुहूर्त में किए गए काम लंबे समय तक फलदायी और मंगलकारी होते हैं। विवाह जैसे पवित्र बंधन में बंधने के लिए दुल्हा और दुल्हन की कुंडली के साथ-साथ नक्षत्रों और तिथियों का मेल होना बहुत जरूरी माना जाता है। शुभ मुहूर्त में विवाह होने से वैवाहिक जीवन में सुख, शांति और प्रेम हमेशा बना रहता है।
Connect with India's best astrologers




