दशमी श्राद्ध का विशेष धार्मिक महत्व है। अगर आप पितृ दोष से परेशान हैं या जीवन में बार-बार तरक्की रुक रही है, तो दशमी श्राद्ध के दिन काले तिल से जुड़े तर्पण नियम, दान और पूजा विधि का पालन जरूर करें। आइए यहां इसके बारे में जानते हैं।
पितृ पक्ष में पड़ने वाली दशमी तिथि का श्राद्ध बेहद कल्याणकारी माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार, जिन पूर्वजों की मृत्यु किसी भी माह की दशमी तिथि को हुई हो, उनका श्राद्ध और तर्पण इसी दिन करने का विधान है। ऐसी मान्यता है कि दशमी तिथि (Dashami Shradh 2026) पर श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया तर्पण पितरों को शांति प्रदान करता है। इस दिन काले तिल का उपयोग करने से पितृ देव जल्द प्रसन्न होते हैं और परिवार को आरोग्य, सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं। आइए इस दिन से जुड़े काले तिल का उपाय जानते हैं।
काले तिल का महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, काले तिल की उत्पत्ति भगवान श्री हरि विष्णु के पसीने से हुई मानी जाती है। यही वजह है कि पितृ पक्ष के दौरान किए जाने वाले किसी भी तर्पण, पिंडदान या दान में काले तिल का होना जरूरी है। काले तिल नकारात्मक ऊर्जा को खत्म करता है, जब जल में काले तिल मिलाकर पितरों का तर्पण किया जाता है, तो वह सीधे उन तक पहुंचता है और उन्हें शांति मिलती है।
दशमी श्राद्ध पर करें काले तिल के ये 4 अचूक उपाय
तिल से तर्पण: तांबे या पीतल के लोटे में गंगाजल, शुद्ध जल, कच्चा दूध और काला तिल मिलाएं। दक्षिण दिशा की ओर मुख करके कुशा के माध्यम से अपने पितरों का ध्यान करते हुए तीन बार जल अर्पित करें।
पीपल के पेड़ पर तिल अर्पित करें: दोपहर के समय किसी पुराने पीपल के पेड़ की जड़ में जल, थोड़ा कच्चा दूध और काला तिल चढ़ाएं। इसके बाद वहां सरसों के तेल का दीपक जलाएं, जिसमें थोड़े काले तिल पड़े हों। इससे पितृ दोष का प्रभाव कम होता है।
काले तिल का दान: दशमी श्राद्ध के दिन किसी जरूरतमंद व्यक्ति को काले तिल, उड़द की दाल, काला कपड़ा या जूते-चप्पल का दान करें। इस दान से पूर्वज खुश होते हैं।
रसोई में तिल का दीपक: शाम के समय घर की रसोई में जहां पीने का पानी रखा जाता है, वहां सरसों के तेल का एक दीपक जलाएं और उसमें चुटकी भर काले तिल डाल दें।
दशमी श्राद्ध तर्पण विधि
शुभ समय: तर्पण का कार्य हमेशा दोपहर के कुतुप मुहूर्त में ही पूरा करें।
दिशा और पात्र: तर्पण करते समय आपका मुंह हमेशा दक्षिण दिशा की तरफ होना चाहिए। तर्पण के लिए केवल तांबे, पीतल या चांदी के बर्तन का ही इस्तेमाल करें।
पंचबलि भोग: तर्पण के बाद घर में बने सात्विक भोजन में से पंचबलि यानी गाय, कुत्ता, कौआ, देव और चींटी के लिए भोजन का हिस्सा जरूर निकालें।
दशमी श्राद्ध पर ध्यान रखें ये बातें
सफेद तिल का प्रयोग न करें: पितृ पूजन में कभी भी सफेद तिल का उपयोग न करें। केवल काले तिल ही शामिल करें।
तामसिक भोजन से बचें: घर में लहसुन, प्याज, मांस और मदिरा का सेवन पूरी तरह से वर्जित रखें।
गुस्सा न करें: श्राद्ध के दिन घर में शांति रखें। किसी का अनादर करने से पूर्वज दुखी होकर लौट जाते हैं।