
दीवाली के ठीक अगले दिन यानी कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को गोवर्धन पूजा का पावन पर्व बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। यह पर्व भगवान श्री कृष्ण को समर्पित है। इस दिन लोग अपने घरों के आंगन में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाते हैं और उनकी विधि-विधान से पूजा करते हैं। ऐसी मान्यता है कि गोवर्धन पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। इसके साथ ही सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है। आइए इस दिन (Govardhan Puja 2026) से जुड़ी प्रमुख बातों को जानते हैं।
गोवर्धन पूजा के दिन सुबह घर के आंगन या मुख्य द्वार के बाहर गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई जाती है। उनके साथ ग्वाल-बाल, भगवान कृष्ण और जंगली जानवरों के प्रतीक भी बनाए जाते हैं।
गोवर्धन पर्वत को रोली, अक्षत, कलावा, फूल और जल अर्पित करें। इसके बाद धूप-दीप जलाकर उनकी आरती करें।
इस दिन भगवान को अन्नकूट का भोग लगाया जाता है। इसमें मुख्य रूप से कढ़ी-चावल, बाजरे की पूरी, सब्जियां और मिठाइयां शामिल होती हैं। कई जगहों पर इस दिन 56 भोग भी लगाए जाते हैं।
पूजा के बाद गोवर्धन जी की परिक्रमा की जाती है। अगर घर पर गोबर के गोवर्धन बनाए हैं, तो उनकी सात बार परिक्रमा करें और हाथ में जल या अन्न का दाना लेकर जयकारा लगाएं।
पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार बाल रूप में भगवान श्री कृष्ण ने देखा कि सभी इंद्र की पूजा की तैयारी कर रहे हैं। तब कृष्ण जी ने बाबा नंद से कहा इंद्रदेव तो सिर्फ बारिस करते हैं, असली पूजा तो हमारे गोवर्धन पर्वत की होनी चाहिए, जो हमारे पशुओं को चारा और हमें शुद्ध हवा देते हैं। ब्रजवासियों ने कृष्ण जी की बात मानकर इंद्र की बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा शुरू कर दी। इससे क्रोधित होकर इंद्रदेव ने मूसलाधार बारिश कर दी, जिससे पूरा ब्रज डूबने लगा। तब भगवान कृष्ण ने अपनी कनिष्ठ उंगली पर गोवर्धन पर्वत को उठा लिया और सात दिनों तक पूरे ब्रजवासियों की रक्षा की। अंत में इंद्रदेव को अपनी भूल का अहसास हुआ और उन्होंने कृष्ण जी से क्षमा मांगी। तभी से हर साल गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है।
Connect with India's best astrologers




