
हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष महीने को बहुत ही पवित्र और भगवान श्रीकृष्ण का प्रिय महीना माना गया है। इस महीने के कृष्ण पक्ष में आने वाली अमावस्या को 'मार्गशीर्ष अमावस्या' या 'अगहन अमावस्या' कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने, गरीबों को दान देने और पितरों के नाम से तर्पण करने से जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं और पूर्वजों का आशीर्वाद मिलता है। इस साल भी लोगों के मन में तारीख को लेकर थोड़ा कन्फ्यूजन है कि मार्गशीर्ष अमावस्या (Margashirsha Amavasya 2026) 8 दिसंबर को मनाई जाएगी या 9 दिसंबर को। आइए जानते हैं अमावस्या की सही तारीख, शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और इसका धार्मिक महत्व।
वैदिक पंचांग के अनुसार, अमावस्या तिथि 8 दिसंबर 2026 को सुबह 4 बजकर 12 मिनट पर शुरू होकर 9 दिसंबर की सुबह 6 बजकर 21 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर मार्गशीर्ष अमावस्या 8 दिसंबर, दिन मंगलवार को मनाई जाएगी। वहीं, मार्गशीर्ष अमावस्या पर ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करना मंगलकारी माना जाता है। 8 दिसंबर 2026 को ब्रह्म मुहूर्त सुबह लगभग 05 बजकर 12 मिनट से 06 बजकर 6 मिनट तक रहेगा। साथ ही अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 52 मिनट से दोपहर 12 बजकर 33 मिनट तक रहेगा।
शास्त्रों में बताया गया है कि मार्गशीर्ष अमावस्या के दिन स्नान और दान करने से उतना ही पुण्य मिलता है, जितना हजारों गायों के दान से प्राप्त होता है। इस दिन पितरों की शांति के लिए तर्पण और श्राद्ध कर्म करने का विशेष विधान है। ऐसी मान्यता है कि अगर किसी की कुंडली में पितृ दोष है, तो इस दिन विधि-विधान से पूजा और दान करने से पितृ दोष शांत होता है और घर में सुख-समृद्धि आती है। इसके अलावा, इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने से आर्थिक परेशानियां भी दूर होती हैं।
ॐ जय जगदीश हरे आरती
ॐ जय जगदीश हरे...
ॐ जय जगदीश हरे, स्वामी! जय जगदीश हरे।
भक्त जनों के संकट, क्षण में दूर करे॥
ॐ जय जगदीश हरे...
जो ध्यावे फल पावे, दुःख विनसे मन का।
स्वामी दुःख विनसे मन का।
सुख सम्पत्ति घर आवे, कष्ट मिटे तन का॥
ॐ जय जगदीश हरे...
मात-पिता तुम मेरे, शरण गहूं मैं किसकी।
स्वामी शरण गहूं मैं किसकी।
तुम बिन और न दूजा, आस करूं जिसकी॥
ॐ जय जगदीश हरे...
तुम पूरण परमात्मा, तुम अन्तर्यामी।
स्वामी तुम अन्तर्यामी।
पारब्रह्म परमेश्वर, तुम सबके स्वामी॥
ॐ जय जगदीश हरे...
तुम करुणा के सागर, तुम पालन-कर्ता।
स्वामी तुम पालन-कर्ता।
मैं मूरख खल कामी, कृपा करो भर्ता॥
ॐ जय जगदीश हरे...
तुम हो एक अगोचर, सबके प्राणपति।
स्वामी सबके प्राणपति।
किस विधि मिलूं दयामय, तुमको मैं कुमति॥
ॐ जय जगदीश हरे...
दीनबन्धु दुखहर्ता, तुम ठाकुर मेरे।
स्वामी तुम ठाकुर मेरे।
अपने हाथ उठाओ, द्वार पड़ा तेरे॥
ॐ जय जगदीश हरे...
विषय-विकार मिटाओ, पाप हरो देवा।
स्वामी पाप हरो देवा।
श्रद्धा-भक्ति बढ़ाओ, संतन की सेवा॥
ॐ जय जगदीश हरे...
श्री जगदीशजी की आरती, जो कोई नर गावे।
स्वामी जो कोई नर गावे।
कहत शिवानन्द स्वामी, सुख संपत्ति पावे॥
ॐ जय जगदीश हरे...
आरती श्री लक्ष्मी जी
ॐ जय लक्ष्मी माता,मैया जय लक्ष्मी माता।
तुमको निशिदिन सेवत,हरि विष्णु विधाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
उमा, रमा, ब्रह्माणी,तुम ही जग-माता।
सूर्य-चन्द्रमा ध्यावत,नारद ऋषि गाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
दुर्गा रुप निरंजनी,सुख सम्पत्ति दाता।
जो कोई तुमको ध्यावत,ऋद्धि-सिद्धि धन पाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
तुम पाताल-निवासिनि,तुम ही शुभदाता।
कर्म-प्रभाव-प्रकाशिनी,भवनिधि की त्राता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
जिस घर में तुम रहतीं,सब सद्गुण आता।
सब सम्भव हो जाता,मन नहीं घबराता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
तुम बिन यज्ञ न होते,वस्त्र न कोई पाता।
खान-पान का वैभव,सब तुमसे आता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
शुभ-गुण मन्दिर सुन्दर,क्षीरोदधि-जाता।
रत्न चतुर्दश तुम बिन,कोई नहीं पाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
महालक्ष्मी जी की आरती,जो कोई जन गाता।
उर आनन्द समाता,पाप उतर जाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
Connect with India's best astrologers




