दीवाली का त्योहार नजदीक आ गया है। चारों ओर दीवाली की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके साथ ही धनतेरस की भी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस साल दीवाली 4 नवंबर को है और उससे दो दिन पहले 2 नवंबर को धनतेरस मनाया जाएगा।धनतेरस का त्योहार कार्तिक मास के कृष्णपक्ष की त्रयोदशी को मनाया जाता है। इस दिन लोग धन के देवता कुबेर की पूज करते हैं। साथ ही मां लक्ष्मी, धन्वतंरि और यमराज की भी पूजा की जाती है।
दीवाली के साथ साथ धनतेरस का भी बहुत महत्व होता है। इस दिन सोना चांदी या धातु से बनी चीज खरीदना शुभ माना जाता है। धनतेरस के दिन लोग अपने घरों के लिए भी सामान खरीदते हैं,जैसे पलंग, फ्रिज, फिल्टर, अलमारी आदि। धनतेरस के कुछ दिन पहले से ही बाज़ार बर्तन और सामानों से सज जाता हैं। हमें दुकानों में रंग बिरंगी चीज़े दिखाई देने लगती हैं। सामानों से भरे बाज़ार का नज़ारा काफी देखने लायक होता है।
धनतेरस दो शब्दों को मिलाकर बना होता है-धन और तेरस। यानी धनतेरस का अर्थ है तेरस की वह तिथि जो धन देती है या तेरस की वह तिथि जब धन का वरदान मिलता है। इस दिन धन की पूजा की जाती है और धन से संबंधित मनोकामना भी पूरी होती है। धनतेरस के दिन धन के देवता की पूजा की जाती है। इस दिन धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और कुबेर देवता को प्रसन्न करने के लिए पूजा पाठ किए जाते हैं।
इस बार धनतेरस मंगलवार के दिन है। ये आने वाला धनतेरस आपके लिए काफी मंगलमय हो सकता है।जी हां आज हम आपको 10 ऐसी बड़ी चीज़ें बताने जा रहे हैं, जिन्हें यदि आप धनतेरस के दिन करते हैं तो धन के देवता आपसे बहुत प्रसन्न होंगे और आपका सबकुछ मंगल करेंगे। अगर आप चाहते हैं कि आपका आने वाला धनतेरस खूब मंगलमय हो तो धनतेरस के दिन ये 10 चीज़ें जरूर करें।
1. सफाई : धनतेरस के दिन पूरे घर की अच्छे से सफाई करें। घर के हर कोने से धूल मिट्टी गर्द निकालकर बाहर कर दें। पूजा स्थान, किचन, आंगन और ईशान कोण की विशेष रूप से सफाई करें।
2. सजावट : इस दिन घर को खूब अच्छे से सजाएं। आप अपने घर को जितना फूलों और रंगबिरंगी चीजों से सजाएंगे उतना अच्छा रहेगा। द्वार, आंगन और ड्राइंग रूम को विशेषकर सजाएं।
3. रंगोली : धनतेरस और दीवाली में रंगोली का विशेष महत्व होता है। इसीलिए इस दिन अपने घर में चटक मटक रंग से रंगोली जरूर बनाएं। ध्यान रहे कि आप रंगोली में काले या मटमैले रंग का प्रयोग ना कर रहें हो।
4. तैयारी : पूजा से पहले सारी चीज़ों की तैयारी कर लें। धन के देवता के मंत्र, पूजा के मुहूर्त, आरती, तस्वीर और पूजा विधि को पहले से तैयार रख लें ताकि पूजा के समय कोई दिक्कत ना हो।
5. खरीदी : इस दिन सिक्के, सोना, चांदी, गहने, बर्तन, वाहन, रत्न और इलेक्ट्रॉनिक चीज़ें खरीदने का विशेष महत्व होता है। इसीलिए धनतेरस से पहले ही सोच विचार कर लें की आपको क्या खरीदना है। आप जो भी सामान खरीद रहें हैं वो आपके बजट के अंदर ही आना चाहिए। जब आप सामान खरीद रहें होंगे तो खुशी खुशी वह खरीदें और खुशी से घर लाएं। ध्यान रखें कि उस सामान की वजह से आपके घर में कोई कलह ना हो।
6. कलश : जो लोग सोना-चांदी नहीं खरीद सकते वो लोग पीतल का कोई बर्तन खरीदें और उस बर्तन में कुछ मीठा या चावल के दाने डालकर घर लाएं। इस दिन अगर आप घर में किसी चीज़ से भरा हुआ पीतल का बर्तन लाते हैं तो ये काफी शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि जब समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वन्तरि प्रकट हुए थे, तो उनके हाथों में अमृत से भरा पीतल का कलश था। इसीलिए धनतेरस के दिन पीतल का बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है।
7. झाड़ू: झाड़ू मां लक्ष्मी का स्वरूप होता है। ऐसा माना जाता है कि धनतेरस के दिन झाड़ू घर में लाने से स्वयं मां लक्ष्मी घर में प्रवेश करती हैं। झाड़ू का इस्तेमाल हम साफ सफाई के दौरान गंदगी हटाने के लिए करते हैं। ये हमारे घर से नकारात्मकता को निकालता है। इसीलिए झाड़ू को विशेष महत्व दिया जाता है।
8. अक्षत : धनतेरस के दिन अक्षत यानी चावल को घर लाना शुभ बताया गया है। शास्त्रों में कहा गया है कि अन्न में चावल यानी अक्षत सबसे शुभ होता है। अक्षत का अर्थ होता है धन संपत्ति में अनंत वृद्धि होना। इसलिए माना जाता है कि धनतेरस के दिन घर में अक्षत लाने से धन सम्पत्ति में इजाफा होता है।
10: धनिया : इस दिन धनिया खरीदकर घर में लाना शुभ होता है। इस दिन मां लक्ष्मी को धनिया अर्पित करना चाहिए। इसके साथ ही धनिया के कुछ दाने गमले में भी बो देने चाहिए। ऐसी मान्यता है कि धनिया के दाने गमले में बोने पर जैसा पौधा निकलता है, हमारी आर्थिक स्थिति पूरे साल वैसी ही रहती है।