
सनातन धर्म में कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को 'अक्षय नवमी' या 'आंवला नवमी' के नाम से जाना जाता है। जैसा कि इसके नाम से ही साफ है, 'अक्षय' का मतलब होता है जिसका कभी क्षय या नाश न हो। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस पावन दिन किया गया जप, तप, दान और पूजा-पाठ कई जन्मों तक पुण्य फल देता है। इस दिन विशेष रूप से आंवले के पेड़ की पूजा करने और उसी के नीचे बैठकर भोजन करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर अक्षय नवमी (Akshay Navami 2026) के दिन आंवले के पेड़ की ही पूजा क्यों की जाती है? आइए जानते हैं इसके पीछे की पौराणिक कथा।
पद्म पुराण और स्कंद पुराण में आंवले के वृक्ष की महिमा के बारे में विस्तार से बताया गया है। पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार माता लक्ष्मी पृथ्वी लोक पर भ्रमण करने के लिए आईं। धरती पर आकर उनकी इच्छा हुई कि वे एक ही साथ भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा करें। माता लक्ष्मी विचार करने लगीं कि ऐसी कौन सी वस्तु या वृक्ष है, जिसमें श्रीहरि और महादेव दोनों का वास एक साथ हो। काफी सोच-विचार करने के बाद माता लक्ष्मी को ध्यान आया कि आंवले के वृक्ष में तुलसी और बेल दोनों के गुण मौजूद होते हैं। तुलसी भगवान विष्णु को बेहद प्रिय है और बिल्व पत्र भगवान शिव को प्रिय है। इस तरह आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु और भगवान शिव दोनों का वास माना गया है।
माता लक्ष्मी ने आंवले के पेड़ को ही भगवान विष्णु और शिव का प्रतीक मानकर पूरे विधि-विधान से उसकी पूजा की थी। माता की भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु और भगवान शिव वहां प्रकट हुए। इसके बाद माता लक्ष्मी ने आंवले के पेड़ के नीचे ही भोजन तैयार किया और भगवान विष्णु व शिव जी को भोजन कराया। उसके बाद खुद भी उसी पेड़ के नीचे बैठकर भोजन किया। कथा के अनुसार, जिस दिन माता लक्ष्मी ने यह पूजा की थी, उस दिन कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि थी। तभी से हर साल इस दिन आंवले के पेड़ की पूजा करने और पेड़ के नीचे भोजन करने की परंपरा शुरू हुई।
Connect with India's best astrologers




