Dev Uthani Ekadashi 2026 Upay: देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं। कहते हैं कि इस शुभ दिन पर किए जाने वाले उपाय घर में सुख-शांति और मां लक्ष्मी की कृपा बनाएं रखते हैं। आइए इन उपायों के बारे में जानते हैं।
हिंदू धर्म में कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को देवउठनी एकादशी या प्रबोधिनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी से शुरू हुई भगवान विष्णु की चार महीने की योग निद्रा इसी पावन दिन समाप्त होती है और श्रीहरि जागते हैं। इसी दिन से चातुर्मास खत्म होता है और विवाह, गृह प्रवेश जैसे सभी मांगलिक कामों की शुरुआत हो जाती है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, देवउठनी एकादशी का दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए सबसे उत्तम माना गया है। अगर आप भी अपने जीवन में सुख-शांति, तरक्की और आर्थिक मजबूती चाहते हैं, तो इस खास दिन (Dev Uthani Ekadashi 2026 Upay) पर कुछ बेहद सरल उपाय जरूर करें। आइए जानते हैं इन चमत्कारी उपायों के बारे में।
देवउठनी एकादशी पर करें ये खास उपाय (Dev Uthani Ekadashi 2026 Ke Upay)
भगवान विष्णु का केसर और दूध से अभिषेक
देवउठनी एकादशी के दिन सुबह स्नान करने के बाद दक्षिणावर्ती शंख में गाय का कच्चा दूध और थोड़ा केसर डालकर भगवान विष्णु का अभिषेक करें। ऐसा करने से घर में धन-धान्य की कभी कमी नहीं होती और जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं।
तुलसी के पास जलाएं घी का दीपक
देवउठनी एकादशी के दिन तुलसी पूजन और तुलसी विवाह का विशेष महत्व है। शाम के समय तुलसी के पौधे के पास शुद्ध गाय के घी का दीपक जलाएं और 11 बार परिक्रमा करें। इससे घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और वैवाहिक जीवन में मिठास आती है।
पीले रंग की चीजों का दान
भगवान विष्णु को पीला रंग बेहद प्रिय है। इस दिन मंदिर में या किसी जरूरतमंद व्यक्ति को पीले फल, पीले वस्त्र, चने की दाल, हल्दी या केसर का दान करें। इस उपाय से कुंडली में गुरु ग्रह मजबूत होता है और नौकरी, व्यापार में तरक्की के रास्ते खुलते हैं।
पीपल के पेड़ पर जल चढ़ाएं
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पीपल के पेड़ में भगवान विष्णु का वास होता है। देवउठनी एकादशी की सुबह पीपल की जड़ में जल अर्पित करें और शाम को वहां एक दीपक जलाएं। इससे कर्ज से मुक्ति मिलती है और रुका हुआ धन वापस आने के योग बनते हैं।
श्रीहरि को अर्पित करें तुलसी दल
भगवान विष्णु की पूजा बिना तुलसी के अधूरी मानी जाती है। इस दिन भगवान को खीर या पीली मिठाई का भोग लगाएं और उसमें तुलसी के पत्ते जरूर डालें। ध्यान रखें कि एकादशी के दिन तुलसी के पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए, इसलिए एक दिन पहले ही पत्ते तोड़कर रख लें।
शाम को करें भजन-कीर्तन और मंत्र जाप
रात के समय भगवान विष्णु के मंत्र 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' का जप करें। परिवार के साथ मिलकर भजन-कीर्तन करने से घर में सकारात्मक माहौल बनता है और मानसिक शांति मिलती है।