
शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व बेहद शुभ माना जाता है। नवरात्रि के आठवें दिन को महाअष्टमी के नाम से जाना जाता है। इस दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां महागौरी का रंग कपूर की तरह सफेद है, इसीलिए इनकी तुलना शंख, चंद्र और कुंद के फूल से की जाती है। इनके सभी आभूषण और वस्त्र भी सफेद रंग के हैं, इसलिए इन्हें श्वेतांबरधरा भी कहा जाता है। मां महागौरी बैल की सवारी करती हैं और इनके चार हाथ हैं। इनकी कृपा से भक्तों के सभी कष्टों का अंत हो जाता है। ऐसे में आइए इस दिन (Shardiya Navratri Day 8) से जुड़ी प्रमुख बातों को जानते हैं।
पौराणिक कथाओं के अनुसार, पति रूप में भगवान शिव को पाने के लिए मां पार्वती ने कठोर तपस्या की थी। इस लंबी तपस्या के दौरान उनका शरीर धूल-मिट्टी और धूप के कारण काला पड़ गया था, जब उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें स्वीकार किया और गंगा जी के पवित्र जल से उनका स्नान कराया, तब उनका शरीर सूर्य के समान चमक उठा और वे बेहद गौर वर्ण की हो गईं। तभी से उनका नाम 'महागौरी' पड़ा।
अधिकतर जगहों पर घ महाअष्टमी के दिन ही कन्या पूजन किया जाता है। 2 से 10 साल तक की कन्याओं को मां दुर्गा का रूप मानकर उनके चरण धोएं, उन्हें आदर के साथ बैठाएं और हलवा-पूरी व चने का भोजन कराकर विदा करें। इससे घर में सुख-समृद्धि आती है।
अगर आपके कारोबार या करियर में रुकावटें आ रही हैं, तो आठवें दिन मां महागौरी को एक जटा वाला नारियल लाल कपड़े में लपेटकर अर्पित करें। इससे जीवन की कई परेशानियां दूर होती हैं।
माता रानी के सामने शुद्ध घी का दीपक जलाएं और "ॐ ऐं ह्रीं क्लीं महागौर्यै नमः" मंत्र का 108 बार जाप करें। इससे मन को शांति मिलती है और घर का माहौल सकारात्मक बनता है।
जय महागौरी जगत की माया।
जया उमा भवानी जय महामाया।।
हरिद्वार कनखल के पासा।
महागौरी तेरा वहां निवासा।।
चंद्रकली और ममता अंबे।
जय शक्ति जय जय मां जगदंबे।।
भीमा देवी विमला माता।
कौशिकी देवी जग विख्याता।।
हिमाचल के घर गौरी रूप तेरा।
महाकाली दुर्गा है स्वरूप तेरा।।
सती ‘सत’ हवन कुंड में था जलाया।
उसी धुएं ने रूप काली बनाया।।
बना धर्म सिंह जो सवारी में आया।
तो शंकर ने त्रिशूल अपना दिखाया।।
तभी मां ने महागौरी नाम पाया।
शरण आनेवाले का संकट मिटाया।।
शनिवार को तेरी पूजा जो करता।
मां बिगड़ा हुआ काम उसका सुधरता।।
भक्त बोलो तो सोच तुम क्या रहे हो।
महागौरी मां तेरी हरदम ही जय हो।।
Connect with India's best astrologers




