कई मौकों पर हम अपने घर के बड़े-बुजुर्गों को कहते सुनते हैं कि उनके जमाने में आज की अपेक्षा घरों में ज्यादा सुख समृद्धि और खुशहाली का माहौल बना रहता था. इसका कारण पूछने पर अक्सर वो वास्तु शास्त्र से जुड़ी बातों के बारे में जिक्र करने लगते. वास्तु शास्त्र में मुख्य रूप से दिशाओं का जिक्र किया गया है. जिनके मुताबिक, हर दिशा का एक विशेष महत्व और देवता से संबंध है. वास्तु शास्त्र के नियमों के हिसाब से घर को बनाया और सजाया जाए तो घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे सुख समृद्धि में वृद्धि होती है. वहीं इसी के विपरीत खराब वास्तु के कारण घर में नकारात्मक उर्जा प्रवेश करती है और आपके जीवन में कई तरह की परेशानियां और मुसीबतें समय-समय पर आती रहती है. वास्तु शास्त्र के इन पांच उपायों का जीवन में उपयोग करके आप आर्थिक रूप से संपन्न और खुशियां प्राप्त कर सकते हैं.
उपाय 1. तुलसी का पौधा: भारतीय पौराणिक ग्रंथों में तुलसी को पूजनीय और पवित्र माना गया है. वास्तु शास्त्र में भी बताया गया है कि तुलसी के पांच पौधों को घर की बालकनी या खिड़की की उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिशा में लगाना चाहिए. ऐसा करने से घर में आने वाली नकारात्मक ऊर्जा का परिवर्तन सकारात्मक ऊर्जा में होता है जिससे धन और समृद्धि में बढ़ोतरी होती है. ध्यान रखें कि रविवार के दिन तुलसी के पौधे की पूजा और उसमें पानी ना डालें. तुलसी का पौधा सूख जाता है तो उसे घर में ना रखें.
वास्तु शास्त्र में घर में शीशा लगाने की एक विशेष दिशा बताई गई है. जिसके अनुसार, शीशा को हमेशा घर के उत्तर या पूर्व दिशा में ही रखना चाहिए यानी शीशा देखने वाले व्यक्ति का चेहरा उत्तर या पूर्व की ओर होना चाहिए. वास्तु शास्त्र में इसके पीछे तर्क दिया गया है कि ब्रह्मांड में हमेशा सकारात्मक ऊर्जा पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण की ओर जाती है. दक्षिण या पश्चिम दिशा में शीशा रखने से पारिवारिक क्लेश, तरक्की में रुकावट और आर्थिक तंगी हो सकती है. गंदा और टूटे शीशे का प्रयोग करने से बचना चाहिए.
वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में पर्याप्त रूप से खिड़कियां और रोशनदान होने चाहिए ताकि एक घर के अंदर सूरज की रोशनी और शुद्ध हवा आ सके. घर के पूर्व, पश्चिम और उत्तर दिशा की दीवारों में बनी खिड़कियां शुभ मानी जाती है. इससे घर में बीमारियां दूर और खुशी का माहौल बना रहता है. यम की दिशा दक्षिण में खिड़कियां बनाने से बचना चाहिए. घर में खिड़कियां बनाते समय इस बात का भी ध्यान रखें कि वे अंदर की ओर खुले.
आजकल लोग अक्सर घर में सजावटी पेड़-पौधे लगाते हैं. वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में कांटेदार और सजावटी पौधों को नहीं लगाना चाहिए. क्योंकि इस प्रकार के पौधों में नकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न होती है जिसका सीधा असर हमारे सेहत में पड़ता है और आर्थिक मजबूती भी कमजोर होने लगती है. घर के आस-पास ऐसे बड़े पौधे ना लगाएं जिनकी परछाई घर पर पड़े. परछाई घर में नकारात्मक प्रभाव डालती है.
अक्सर हम नल, टंकी या टूटी पाइप लाइन से बह रहे पानी को नजरअंदाज कर देते हैं. वास्तु शास्त्र में पानी के रिसाव को अशुभ माना गया है. कहा जाता है की पानी की तरह, पैसा भी बह जाएगा. इस प्रकार के खराब नल और पाइप लाइन को जल्द से जल्द ठीक करवा लेना चाहिए वरना धन का नुकसान हो सकता है. घर के दक्षिण-पूर्वी और उत्तर-पूर्वी कोने पर पानी की टंकी नहीं रखनी चाहिए. इससे स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है.