सामुद्रिक शास्त्र मुख, मुखमण्डल और सम्पूर्ण शरीर के अध्ययन की विद्या है। भारत में यह विद्या वैदिक काल से ही प्रचलित है। इस विद्या के अनुसार मनुष्य के शारीरिक बनावट और शरीर पर बने अन्य निशान से उनके भाग्य और उस मनुष्य के बारे में जानकारी दी जाता है। हर किसी की शारीरिक बनावट एकदूसरे से भिन्न होती है। शरीर पर कई तरह के निशान जैसे तिल, मस्सा, लहसन इत्यादि भी होते है। शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर बने निशान, तिल इत्यादि का अलग महत्व और अर्थ होता है। कुछ को शुभ माना जाता है वहीं कुछ को अशुभ की श्रेणी में रखा जाता है।
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार शरीर के कुछ हिस्से में बने निशान या तिल या अंग की बनावट मनुष्य को बहुत भाग्यशाली बनाते हैं वहीं कुछ निशान जीवन में आने वाली समस्याओं की ओर इशारा करते हैं। लड़कियों के शरीर पर होने वाले कुछ चिन्ह और तिल जिन्हें भाग्य का प्रतीक माना जाता है उसके बारे में सामुद्रिक शास्त्र में बताया गया है। घर की लक्ष्मी कही जाने लड़कियों के शरीर की कुछ प्रकार की संरचना या किसी विशिष्ट स्थान पर तिल उनके परिवार के लिए सौभाग्य लाता है। लड़कियों के शरीर की बनावट और तिल या निशान उनके भाग्य के बारे में क्या कहता है आइए जानते हैं।
लड़कियों के पैर के तलवे में अगर शंख, कमल या चक्र का चिन्ह बनता है तो उसे सामुद्रिक शास्त्र में भाग्य का प्रतीक माना जाता है। पैर के तलवे में ऐसी निशान वाली लड़कियां अपने परिवार के लिए बहुत भाग्यशाली होती हैं। ऐसी लड़कियां खुद भी ऊंचे पद पर पहुँचती हैं। इसके साथ ही अगर लड़कियों के पैर का अंगूठा गोलाई लिए हुए होता है और साथ में चौड़ा और लालिमा लिए हो वो अपने परिवार में सौभाग्य लाती हैं। इन लड़कियों का परिवार सुखपूर्वक जीवन व्यतीत करता है।
जिन लड़कियों की एड़ी में सर्पाकार होता है वह किस्मत की धनी मानी जाती हैं। ऐसी स्त्रियों पर हमेशा ईश्वर की कृपा बनी रहती है। वहीं स्त्री के पैरों में त्रिकोण का चिन्ह उनकी चतुराई का सूचक होता है। ऐसी स्त्रियां अपनी बुद्धि और समझदारी से परिवार को खुशहाल बनाती है।
हर मनुष्य के शरीर की बनावट अलग होती है और सभी के शरीर पर अलग-अलग स्थान पर तिल होते हैं। कुछ तिल मनुष्य के शरीर पर जन्म से होते हैं वहीं कुछ तिल समय के साथ बन जाते हैं। बहुत से तिल जन्म से होते हैं पर समय के साथ-साथ धूमिल हो जाते हैं जबकि कुछ तिल बनते हैं और कुछ सालों बाद मिट भी जाते हैं। सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार अगर किसी स्त्री के शरीर के बाएं हिस्से पर दाएं हिस्से के मुकाबले ज्यादा तिल हों तो यह उनके भाग्यशाली होने का प्रतीक होता है। ऐसी स्त्रियां अपने परिवार में सौभाग्य लाती हैं।
वहीं अगर किसी लड़की के माथे के बीच में नाक के पुल के ऊपर एक तिल हो तो उनका जीवन बहुत खुशहाल होता है। सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार ऐसी लड़कियों को कभी भी धन की कमी नहीं होती। उनका कोई भी कार्य धन की वजह से नहीं रुकता है।
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार यदि किसी लड़की का माथा चौड़ा हो वो बहुत भाग्यशाली होती है। यदि किसी लड़की का माथा तीन अंगुल से चौड़ा और चंद्रमा के आकार का और नरम हो तो ऐसी लड़कियां सौभाग्य, स्वास्थ्य और सुख में वृद्धिकारक होती है। ऐसी लड़कियां जिस घर में भी जाती हैं वो घर हमेशा सुख-समृद्धि से भरा रहता है। इस तरह की लड़कियां स्वभाव की कठोर होती हैं लेकिन उनका दिल मोम सा होता है।
जिन लड़कियों का माथा आगे से उठा हुआ होता हैं उनके विषय में माना जाता है कि वो भाग्यशाली, तीक्षण बुद्धि की एंव विदुषी होती हैं। ऐसी लड़कियां अपने परिवार को आगे बढ़ाने और उनके स्तर को ऊंचा उठाने का प्रयास करती हैं।
सामुद्रिक शास्त्र में कहा गया है कि यदि लड़की के माथे पर त्रिशूल की आकृति बनती हो तो ऐसी लड़की को समाज में काफी सम्मान मिलता है। साथ ही जिस भी लड़के से उसका विवाह होता है उसके भी मान-सम्मान में वृद्धि होती है।
वहीं, जिस लड़की का माथा अधिक ऊंचा हो और मांसपेशियां साफ नजर आएं तो कहा जाता कि उन्हें समाज में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं अगर किसी का माथा लंबा है तो कहते हैं कि उस लड़की को संतानसुख में दिक्कतें आती हैं।
लंबी और सुंदर उंगलियों वाली लड़कियों को सामुद्रिक शास्त्र में भाग्यशाली माना जाता है। ऐसी लड़कियां अपने पति के लिए बहुत भाग्यशाली होती हैं। इस तरह की लड़कियों का विवाह जिससे होता है वो अपने जीवन में बहुत तरक्की करता है। साथ हीं वो लड़कियां जिनकी उंगलियां गोल और लंबी होती हैं, वो अपने और अपने पति के लिए बेहद सौभाग्यशाली मानी जाती हैं।
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार चिकनी, सीधी और गांठ रहित उंगलियों वाली महिलाओं का वैवाहिक जीवन अति उत्तम होता है। उंगली के आगे का हिस्सा पतला हो और सभी पोर एक समान हो तो इसे भी वैवाहिक सुख-शांति की नजर से बेहतर माना गया है।
वहीं जिन महिलाओं की उंगलियां छोटी होती हैं ऐसा माना जाता है कि वो जरूरत से ज्यादा खर्चीली होती हैं। ऐसी महिलाओं का भविष्य काफी कठिनाइयों से भरा होता है।