दंपतिय जीवन में झगड़ा होना आम बात है। हालांकि ये झगड़ा कभी कभी इतना बढ़ जाता है कि पति पत्नी के अलगाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। हम आए दिन अखबारों में पढ़ते रहते हैं की कैसे किसी झगड़े के कारण पति पत्नी का तलाक हो जाता है। कई बार तो शादी के 6 दिन या कुछ महीनों बाद ही पति पत्नी के बीच तलाक की नौबत आ जाती है। शादीशुदा जीवन में पति और पत्नी के बीच होने वाले कलह, मतभेद, मनभेद, अनबन और लड़ाई-झगड़े के कई कारण हो सकते हैं। पति पत्नी के झगड़े या अलगाव के पीछे ज्योतिषीय कारण भी होता है। शादी का बंधन वैसे तो बहुत पवित्र होता और काफी मजबूत डोर से बंधा होता है। हालंकि जब वर-वधु के ग्रहों की दशा बिगड़ने लगती है तब शादी जैसा पवित्र बंधन भी कमजोर पड़ने लगता है। उनमें दरार आ जाती है। ज्योतिष शास्त्र का मानना है कि पति पत्नी के बीच झगड़े या अलगाव की स्थिति कुंडली में ग्रहों के अशुभ प्रभाव से उत्पन्न होती है।इन ग्रहों और इनके प्रभावों का जिक्र फलित ज्योतिष के प्राचीन ग्रंथों में किया गया है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार किसी भी रिश्ते को जोड़ने या तोड़ने में गुरू और शुक्र ग्रह का सबसे बड़ा और अहम रोल होता है। अगर पति-पत्नी के ये दोनों ग्रह (गुरु और शुक्र) सही दशा में न रहें तो उनके रिश्ते इस कदर खराब हो जाते हैं, जिनका अंत होना तय हो जाता है। आइए इस पर विस्तार रूप से दृष्टि डालते हैं, की पति पत्नी के बीच झगड़े के कौन कौन से योग बनते हैं।
पहला योग:-
यदि किसी पुरुष की कुंडली लग्न में राहु एवं शनि विराजमान हों तो वह व्यक्ति लोकापवाद से अपनी पत्नी का परित्याग कर देता है। यही कारण है कि उनके बीच झगड़ा होता है और अंत में अलगाव की स्थिति पैदा हो जाती है।
दूसरा योग:-
यदि किसी महिला की कुंडली में सप्तम स्थान में स्थित सूर्य पर उसके शत्रु ग्रह की दृष्टि होती है तो इस योग में उत्पन्न स्त्री को उसका पति छोड़ देता है। सरल शब्दों में कहें तो जब वर या वधु की कुंडली के सप्तम या अष्टम भाव में कोई शैतान ग्रह पहुंच जाता है तो वह रिश्ता टूटने लगता है।
तीसरा योग:-
फलित ज्योतिष में ये कहा गया है कि जिस स्त्री की जन्म कुंडली में लग्न में मंगल या शनि की राशि में शुक्र हो तथा सप्तम स्थान पर पाप प्रभाव हो तो ऐसे योग में जन्मी स्त्री अपने पति को छोड़कर किसी अन्य पुरुष के साथ विवाह कर लेती है।
चौथा योग:-
कहा जाता है कि यदि चंद्रमा एवं शुक्र पाप ग्रहों के साथ सप्तम स्थान में हों तो पति-पत्नी गुप्त रूप से वैवाहिक संबंध तोड़ लेते हैं।
पांचवा योग:-
जिस स्त्री की कुंडली में निर्बल पाप ग्रह सप्तम में बैठे होते हैं,इस योग में उत्पन्न हुई स्त्री को उसका पति छोड़ देता है।
छठा योग:-
जिस भी इंसान की कुंडली में सप्तम स्थान में शुभ एवं पाप दोनों प्रकार के ग्रह हों तथा सप्तमेश या शुक्र निर्बल हो तो ऐसी स्त्रियां अपने पति को छोड़कर दूसरे पुरूष के साथ विवाह कर लेती हैं।
सातवां योग:-
जिस स्त्री की कुंडली में सप्तम स्थान में सूर्य मौजूद हो तथा उसका सप्तमेश निर्बल हो तो ऐसी स्त्रियों के पति उन्हें छोड़ देते हैं।
आठवां योग:-
जब किसी की कुंडली में मौजूद गुरू में शुक्र की दशा चल रही हो या शुक्र में गुरू की दशा चल रही हो तो पति-पत्नी का रिश्ता खराब होना शुरू हो जाता है।
नौंवा योग:-
जब किसी की जन्म कुंडली में शुक्र ग्रह मूल, ज्येष्ठा, कृत्तिका या आर्द्रा नक्षत्र में मौजूद हो तो रिश्ता टूटने का खतरा रहता है।
दसवां योग:-
कुंडली के चौथे भाव का स्वामी यदि छठे भाव में चला जाए या छठे भाव का स्वामी चौथे भाव में चला जाए तो ऐसी स्थिति में भी तलाक की आशंका बढ़ जाती है।